लॉयन न्यूज, नेटवर्क। श्रीगंगानगर जिले की घमूड़वाली थाना पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति को नहर के किनारे अफीम की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से अफीम बिक्री के साढ़े सात हजार रुपए भी मिले हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी घबरा गया। उसका चेहरा देख पुलिस टीम को शक हुआ। तलाशी ली तो उसके पास से पचास ग्राम अफीम बरामद हुआ। वह यह अफीम इलाके में बिक्री कर रहा था।

दरअसल, पुलिस टीम को घमूड़वाली इलाके में नहर के किनारे एक व्यक्ति के अफीम बेचने की जानकारी मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने उस इलाके में गश्त शुरू की। आरोपी नजर आया तो पुलिस टीम उसकी ओर बढ़ी। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया। उसकी घबराहट देखकर शक पुख्ता हो गया। पुलिस टीम ने तलाशी ली तो उसके पास पचास ग्राम अफीम मिला। बारहमासी नहर के पास वाटर वर्क्स के नजदीक पकड़े गए आरोपी अनिल कुमार ( 35 ) पुत्र दिलीप कुमार से नशे के सप्लायर के बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपी घमूड़वाली इलाके के गांव हुणतपुरा का रहने वाला है।