लॉयन न्यूज नेटवर्क। श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ रोड पर होमलैंड सिटी के सामने की तरफ कार पलटने से इसमें सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने पीहर से ससुराल जा रही थी। हादसे में महिला के भतीजे की पत्नी और देवर का बेटा घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक फूलां (45) पत्नी अली का पीहर श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ रोड पर होमलैंड सिटी में है। फूलां के भतीजे सचिन पुत्र शरीफ खान की दो जनवरी को शादी होनी है। ऐसे में घर में खुशी का माहौल था। सोमवार रात को परिवार में कोई विवाह संबंधी आयोजन था। इसमें शामिल होने के बाद सुबह फूलां अपने भतीजे की पत्नी और अपने देवर के बेटे मनफूज (15) पुत्र अस्कर अली के साथ होमलैंड सिटी से गांव नेतेवाला के लिए रवाना हुई। कार फूलां का रिश्तेदार समीर चला रहा था।

ये लोग होमलैंड सिटी से सूरतगढ़ रोड पर गांव नेतेवाला की तरफ मुड़ ही रहे थे कि कार पलट गई। इससे फूलां सड़क पर गिर गई। सड़क पर सिर टकराने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार दा लोग घायल हो गए। दोनों को ज्यादा चोट आने पर तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। मौके पहुंची सदर थाना पुलिस ने फूलां का शव सरकारी अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया।