जांच में जुटी पुलिस
लॉयन न्यूज नेटवर्क। हनुमानगढ़ के जंक्शन थाना क्षेत्र में सुरेशिया इलाके में मंगलवार दोपहर एक महिला का संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका हुआ शव मिला है। जानकारी के अनुसार महिला ब्यूटी पार्लर संचालक थी, जो किराए की दुकान में ब्यूटी पार्लर का काम कर रही थी। महिला का शव उसी की दुकान में पंखे के सहारे फंदे पर लटका हुआ मिला है। जंक्शन सिटी पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में महिला के शव को फंदे से नीचे उतार कर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया हैं।

 

जंक्शन सिटी पुलिस के अनुसार पुलिस को अभय कमांड के जरिए सूचना मिली थी कि सुरेशिया क्षेत्र में पुलिस चौकी के पास एक महिला दुकान में फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान पुष्पा पुत्री हरनाम चंद निवासी जलोकी पदमपुर जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी तो मौके पर मृतका का भाई पहुंचा। जिसके आने के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। अब पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।