लॉयन न्यूज नेटवर्क। शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर मूवी पठान का अयोध्या के संत समाज से भी विरोध हो रहा है। हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास ने कहा कि जिस थिएटर में यह फिल्म लगे उसे फूंक दो। दुष्टों के साथ दुष्टता का आचरण ही करना चाहिए। दरअसल, इस फिल्म के गाने ‘बेशरम रंग…’ में दीपिका भगवा रंग की बिकनी पहने हुई हैं। इसमें शाहरुख और दीपिका ने बोल्ड सीन दिए हैं। दीपिका के भगवा रंग की बोल्ड ड्रेस पहनने पर ही विवाद हो रहा है। महंत राजूदास ने कहा, ‘बॉलीवुड-हॉलीवुड लगातार इस प्रयास में रहता है कि किसी प्रकार से सनातन धर्म, संस्कृति का मजाक उड़ाए। हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया जाए। साधु-संतों का रंग, राष्ट्र का रंग, देश का रंग, सनातन संस्कृति का रंग भगवे का जिस तरह से पठान मूवी में अपमान किया गया है। यह बहुत दुखद है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘शाहरुख एक बार नहीं, बल्कि कई बार ऐसे सनातम धर्म संस्कृति का मजाक उड़ाते हैं। अभी देखिए, क्या जरूरत थी दीपिका को भगवा वस्त्र में बिकनी पहनकर नंगा प्रदर्शन करने की या आस्था को ठेस पहुंचाने की। मैं दर्शकों से ऐसी मूवी का बहिष्कार करने को कहता हूं। जिस थियेटर में यह पिक्चर लगे उसे फूंक दो। नहीं फूंकोगे तो ये मानने वाले नहीं हैं। जैसे को तैसा करना पड़ा है। दुष्टों के साथ जब दुष्टतापूर्ण व्यवहार नहीं करोगे, तो इसके ऊपर आप कंट्रोल नहीं लगा सकते हैं।’


वहीं, आगरा में भी हिंदूवादी संगठन ने फिल्म का विरोध किया है। उन्होंने धमकी दी कि अगर बोल्ड सीन को नहीं हटाया गया तो फिल्म रिलीज नहीं होने देंगे। महासभा के महामंत्री अवतार सिंह गिल ने इसे जानबूझकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया है। उनका सवाल है की आखिर सेंसर बोर्ड ने इसे अनुमति क्यों दी है? भगवा हिंदू धर्म का प्रतीक है। पूरे आगरा मंडल में फिल्म नहीं चलने दी जाएगी।


इसी तरह, प्रयागराज में भी बुधवार को पठान फिल्म के विरोध में शाहरुख और दीपिका के पोस्टर जलाए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मु_ीगंज चौराहे पर पोस्टर जलाने के बाद नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पठान फिल्म में भगवा रंग को अपमानित किए जाने का आरोप लगाया। भाजपा नेता राजेश केसरवानी ने कहा कि पठान फिल्म के बेशर्म रंग के गाने में भगवा रंग के साथ अश्लीलता प्रयोग किया जाना पूरे हिंदू संस्कृति का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दो दिन में गाने को मिले 3 करोड़ 20 लाख व्यूज
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण फीचर्ड इस गाने को दो दिन में 3 करोड़ 20 लाख व्यूज मिल चुके हैं। इस गाने में दीपिका पादुकोण का ग्लैमरस अवतार देखने को मिला है। उनके डांस मूव्स भी काफी शानदार है। शाहरुख का भी डैशिंग लुक देखने को मिल रहा है। इस गाने को शिल्पा रॉव ने अपनी आवाज दी है, जबकि विशाल-शेखर ने इसे कंपोज किया है। गाने को कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने किया है। रिलीज के बाद से ही ये गाना कई मायनों में सुर्खियों में है।

25 जनवरी को रिलीज होगी पठान
पठान मूवी 25 जनवरी को रिलीज होगी। ये हिंदी के साथ ही साउथ की भाषाओं में भी रिलीज होगी। फिल्म में दीपिका और शाहरुख के साथ ही जॉन अब्राहम भी नजर आएंगे। जॉन विलेन बने हैं। एक महीने पहले फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था। कई लोगों को यह पसंद नहीं आया था। सोशल मीडिया पर फिल्म के बायकॉट करने की मांग उठी थी। यूजर्स ने बताया था कि ये फिल्म हॉलीवुड मूवी वॉर और मार्वल्स की कॉपी है।