ब्यावर। शहर के सेंदड़ा रोड स्थित राधा-कृष्ण व जय अम्बे कॉलोनी में शुक्रवार सुबह जलदाय विभाग की ओर से की गई सप्लाई के दौरान नलों से दूषित पानी का वितरण हुआ। इस पर क्षेत्रवासियों ने रोष जताया। क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार सुबह विभाग की ओर से की गई सप्लाई के दौरान जैसे ही नलों के आगे बर्तनों को लगाया तो नलों में से दूषित पानी आने लगा।

 क्षेत्रवासियों ने बताया कि यह पानी न तो पीने के लायक है और न ही इसका उपयोग रोजमर्रा के कामों में किया जा सकता है। सप्लाई के दौरान आए गंदे पानी के चलते लोगों ने जलदाय विभाग के खिलाफ रोष जताया। रोष जताने वालों में लालचंद, मदन, मंगला, राजेंद्र, कालुराम जांगिड़, मस्तान, नितिन, संतोष आदि शामिल थे।

अब टैंकरों का लेना पड़ेगा सहारा

क्षेत्रवासियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह पानी की सप्लाई होने के चलते ताजा पानी भरने के लिए लोगों ने बर्तनों में भरा पानी खाली कर दिया। वहीं, गंदा पानी आने से लोगों ने शुक्रवार को हुई सप्लाई का पानी नहीं भरा। इसके चलते अब लोगों को अगली सप्लाई का इंतजार करते हुए टैंकरों के जरिए पानी की जरूरत को पूरा करना होगा।

नहीं आता भरपूर प्रेशर

क्षेत्रवासियों ने बताया कि कॉलोनी सहित आस-पास के क्षेत्रों में छोटी पाइप लाइन होने से पानी की समस्या बनी रहती है। सप्लाई के दौरान प्रेशर से पानी नहीं आता है, इस दौरान पानी बहुत धीमी गति से आता है। इसके चलते कॉलोनीवासियों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पाता है।

इनका कहना है..

पानी की सप्लाई के दौरान गंदा पानी घरों में आया है। पानी उपयोग में लाने लायक नहीं होने से अब पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।

-मंजू देवी, क्षेत्रवासी, राधाकृष्ण कॉलोनी

कॉलोनी में पानी की समस्या काफी पुरानी है। छोटी पाइप लाइन होने की वजह से कॉलोनी में बहुत कम पानी आता है। यह पानी क्षेत्रवासियों के लिए नाकाफी होता है।

– मैना देवी, क्षेत्रवासी, राधाकृष्ण कॉलोनी