टिब्बी  . गांव सहारणी के पास इंदिरा गांधी फीडर नहर में गुरुवार दोपहर डूबे दोनों किशोरों के शव मिल गए हैं।  दोनों किशोर गुरुवार को पानी पीने के लिए नहर में उतरे थे तथा पांव फिसलने से डूब गए। उनमें से एक का शव तीन घंटे की तलाश के बाद नहर से बरामद कर लिया गया था। दोनों किशोर मौसेरे भाई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर सहारणी गांव के कई किशोर इंदिरा गांधी फीडर नहर की आरडी 602 के पास खेलने गए। इस दौरान प्यास लगने पर विकास (15) पुत्र मदन लाल कुम्हार निवासी रिसालिया खेड़ा (हरियाणा) और उसका मौसेरा भाई विनोद (17) पुत्र लालचंद कुम्हार निवासी सहारणी पानी पीने नहर में उतर गए। इसी दौरान विकास का पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया। उसे गिरते देख विनोद ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी नहर में गिर गया।

पानी बहाव तेज होने के कारण दोनों बह गए। दोनों को डूबते देख उनके साथी रायसिंह भाट और अन्य दौड़ते हुए सहारणी पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों ने नहर पर पहुंच दोनों किशोरों को ढूंढा लेकिन उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद सूरेवाला चौकी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू करवाई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद विनोद का शव नहर से निकाल लिया गया।

पुलिस ने दूसरे किशोर की तलाश जारी रखी। शुक्रवार सुबह दुसरे किशोर विकास पुत्र मदनलाल का शव भी नहर से बरामद कर लिया गया।