पटना।  गया में छात्र आदित्य सचदेवा की हत्या के आरोपी रॉकी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ़्तार कर लिया। गया पुलिस ने सोमवार देर रात डेल्हा इलाके से रॉकी को गिरफ़्तार किया। पुलिस ने पूरी रात रॉकी से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस रॉकी से मिली जानकारियों को बताने से इनकार कर रही है। गया की एसएसपी के मुताबिक रॉकी से पूछताछ अभी जारी है, जिसके आधार पर चार्जशीट दाखिल की जाएगी। अब पुलिस रॉकी को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांग सकती है।गौरतलब है जेडीयू एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी पर शनिवार रात बारहवीं के छात्र आदित्य सचदेवा को गोली मारने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आदित्य सचदेवा की गाड़ी ने रॉकी के एसयूवी कार को ओवरटेक किया था, जिसके बाद गुस्से में रॉकी ने गोली चला दी। गोली आदित्य की गाड़ी के पिछले शीशे को तोड़ती हुई आदित्य के सिर में जा लगी और उसकी मौत हो गयी।वारदात के बाद से रॉकी फ़रार हो गया था। गया पुलिस ने मशक्कत के बाद रॉकी को गिरफ़्तार करने में कामयाबी पाई है। पुलिस ने रॉकी को फिलहाल गुप्त स्थान पर रखा है।रॉकी के पिता बिंदेश्वरी प्रसाद यादव उर्फ बिंदी यादव और मनोरमा देवी के अंगरक्षक राजेश कुमार को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। गया की एक अदालत ने उन दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।