लैंड रोवर की कारों के बारे में तो आपने सुना ही होगा, शान ओ शौकत की पहचान होती हैं। लैंड रोवर कार के बाद अब स्मार्टफोन भी बनाएगी। ब्रिटेन के मशहूर ब्रैंड जगुआर लैंड रोवर पर भारत की टाटा मोटर्स का मालिकाना हक है, यानी तकनीकी तौर पर यह भारतीय स्मार्टफोन होगा जो अगले साल की शुरुआत में आ जाएगा।

लैंड रोवर के लिए यह फोन बुलिट ग्रुप बनाएगा। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी बुलिट का लैंड रोवर के सथा फोन और एक्सेसरीज बनाने के लिए करार हुआ है।

एक बयान जारी कर जगुआर लैंड रोवर ने बताया, ‘बुलिट ग्रुप के साथ मिलकर लैंड रोवर के डिजाइन और तकनीक को मोबाइल फोन सेक्टर में इस्तेमाल करके अपने ब्रैंड को एक नए आयाम में ले जाने का यह शानदार मौका है।’

जगुआर लैंड रोवर कंपनी की लाइसेंसिंग और ब्रैंडिग डायरेक्टर लिंजी वीवर ने बताया उनके इंजीनियर्स और डिजाइनर्स इस प्रोजेक्ट पर बुलिट ग्रुप के साथ काम करेंगे ताकि लैंड रोवर की ब्रैंड और प्रॉडक्ट वैल्यू फोन में भी नजर आए।

इस बीच बुलिट ग्रुप का कहना है कि खूबसूरती और मजबूती को मिलाकर कुछ ऐसा डिजाइन तैयार किया जाएगा जो ग्राहकों का लाइफस्टाइल पार्टनर होगा। यह ऐसे लोगों के लिए होगा जो सामान्य से आगे बढ़कर नई चुनौतियां स्वीकार करना पसंद करते हैं।

बुलिट ग्रुप के सीईओ पीटर स्टीफंस ने कहा, ‘हमें पूरा यकीन है कि नए प्रॉडक्ट्स में हर वह बात होगी जिसके लिए लैंड रोवर जानी जाती है। ये फोन उन लोगों को पसंद आएंगे जो पहले ही लैंड रोवर ब्रैंड के दीवाने हैं और साथ ही उन लोगों को भी आकर्षित करेंगे जिन्होंने अब तक लैंड रोवर को जाना नहीं है।