बूंदी .।  नैनवां थाना क्षेत्र में फूलेता वन नाके के पास पुलिस को अज्ञात महिला का कंकाल बिखरा हुआ मिला है। मौके पर एक छुरा भी मिला है। जिससे पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को जंगल में कंकाल व महिला के कपड़े पड़े होने की सूचना मिली तो नैनवां वृत्ताधिकारी सोहनराम विश्नोई, थाना प्रभारी रामानंद यादव व देईथाना प्रभारी रतनलाल जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। फूलेता वन नाके से करीब दो-ढाई किमी आगे एक खाळ में एक थैली में महिला के कपड़े मिले। जिनमें दो कुर्तियां, लूगड़ी आदि थे। कुछ दूरी पर अलग-अलग जगह खोपड़ी एवं हाथ पैर की अस्थियां मिली। वहीं एक छुरा पड़ा मिला। जिसे देखकर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। मौके पर मिले एक पर्स में कागज पर कुछ नम्बर लिखे हुए हैं। जिससे पुलिस महिला की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। करीब सौ मीटर की दूर पर एक मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिनाख्त के बाद ही आगे की कहानी सामने आ पाएगी। हालांकि हालात बता रहे हैं कि हत्या कर महिला को यहां फेंक दिया गया होगा।