इंडियन हॉकी टीम के कैप्टन को रेप केस में क्लीन चिट, ब्रिटिश प्लेयर ने लगाए थे आरोप



लुधियाना। इंडियन हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह को ब्रिटिश महिला हॉकी खिलाड़ी से रेप, जबरन अबॉर्शन और धोखाधड़ी करने के आरोप के मामले में लुधियाना पुलिस से क्लीन चिट मिल गई है। जांच के लिए बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने कमिश्नर को सौंपी रिपोर्ट में लिखा है कि ब्रिटेन की महिला के आरोप सही साबित नहीं होते।
हरियाणा में हो सकता है केस…
– ब्रिटेन की लड़की का आरोप था कि सरदार सिंह ने उसके साथ लुधियाना के अलावा पंचकूला में भी रेप करने की कोशिश की थी।
– पंजाब पुलिस ने इसके लिए महिला से हरियाणा में शिकायत दर्ज करवाने को कहा था।
कैसे मिली क्लीन चिट?
– एसआईटी ने पुलिस कमिश्नर को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि ब्रिटिश महिला का आरोप था कि वह सरदार सिंह के साथ लुधियाना में रही है, जहां सरदार सिंह ने उससे रेप किया था। पर जांच में ये बात साबित नहीं हुई।
– महिला भी लुधियाना में सरदार के साथ रहने का कोई सबूत नहीं पेश कर सकी।
– पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख ने बताया कि एसआईटी की जांच में सरदार के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। इस कारण कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करते हुए सरदार को क्लीन चिट दे दी गई है।
क्या है मामला?
– करीब तीन महीने पहले ब्रिटिश महिला हॉकी खिलाड़ी ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी कि 2012 में लंदन ओलिंपिक में उससे मिले सरदार सिंह ने उसका शारीरिक शोषण किया था।
– लंदन ओलिंपिक में मुलाकात के बाद उसकी सरदार से दोस्ती हुई। बाद में सगाई कर वे साथ रहने लगे। उसने आरोप लगाया था कि सरदार सिंह ने उसका शारीरिक शोषण करने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया।
– 2015 में सरदार ने उसका जबरदस्ती अबॉर्शन करवाया था। उसने कहा कि सरदार ने उसके साथ लुधियाना और पंचकूला में रेप किया।
– इस मामले में उस वक्त सीपी रहे परमराज सिंह उमरानंगल ने एडीसीपी सतबीर अटवाल और तत्कालीन एसीपी गुरप्रीत पुरेवाल की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई थी।