लॉयन न्यूज, नेटवर्क। शादी का जश्न अभी खत्म नहीं हुआ था, मेहंदी भी नहीं छूटी थी, अभी तो साथ जीने-मरने की कसमें खानी शुरू की थी, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। नागौर में हुए एक कार एक्सीडेंट में पति-पत्नी की मौत हो गई, दोनों की पांच दिन पहले ही शादी हुई थी। हादसा इतना दर्दनाक था कि एयर बैग खुलने के बाद भी दोनों की जान नहीं बच सकी। वहीं इस हादसे में युवती का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार रात 9 बजे नागौर के जायल थाना क्षेत्र की है। हादसा डीडवाना रोड स्थित कल्पना चावला स्कूल के पास हुआ। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार फलौदी (जोधपुर) निवासी किशोर माली (30) की शादी 5 दिन पहले 15 फरवरी को नीम का थाना (सीकर) निवासी किरण (28) से हुई थी। शादी के बाद पहली बार किशोर माली अपनी पत्नी किरण को लेकर उसके पीहर नीम का थाना गया था।

 

रविवार शाम पांच बजे किशोर और किरण व किरण का भाई कृष्ण कुमार (22) नीम का थाना से रवाना हुए थे। इसी दौरान रात 9 बजे डीडवाना रोड पर अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। रात में किसी ने जायल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो किशोर, किरण और कृष्ण तीनों अचेत हालात में थे। तीनों को जायल हॉस्पिटल लाया गया, जहां किशोर और किरण को मृत घोषित कर दिया। वहीं कृष्ण की हालत नाजुक बताई जा रही है, परिजनों ने उसे जयपुर के एक अस्पताल में शिफ्ट किया है। जानकारी के मुताबिक कार किशोर ड्राइव कर रहा था। किरण पास में ही बैठी थी, जबकि साला कृष्ण कुमार पीछे वाली सीट पर बैठा था। किशोर का फलौदी में फर्नीचर का बिजनेस है। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद वाहन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।