पाली. जिले में हरित क्रांति को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग की ओर से पौधरोपण के द्वितीय चरण की तैयारियों को शुरू कर दिया है। वन विभाग की ओर से इस वर्ष जिलेभर के वन क्षेत्र व अन्य स्थानों पर 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग ने जिले की 10 नर्सरी में पौधों को तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार वर्षा शुरू होने के साथ ही पौधरोपण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इन पौधों में हरेभरे होने के साथ ही आय बढ़ाने वाले पौधे भी होंगे। इससे विभाग के लिए आय स्रोत भी तैयार हो सकेंगे। इस बार पाली में 31 वर्ग किमी में हरियाली बढ़ी है।

3 हजार हेक्टेयर क्षेत्र होगा कवर 

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में इस वर्षा की  सीजन में 10 लाख पौधरोपण करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस पौधरोपण के जिले के 3 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में हरियाली होगी। इससे प्रतिदिन बढ़ रहे प्रदूषण में कुछ गिरावट होगी।

2 फीट की ऊंचाई वाले पौधे तैयार करेंगे

अधिकारियों के अनुसार इन 10 लाख पौधों को जिले की पाली, सुमेरपुर, सेंदड़ा, बाली, जवाई, देसूरी, सादड़ी आदि नर्सरी में तैयार किया जा रहा है। नर्सरी दो फीट की ऊंचाई वाले पौधे तैयार किए जाएंगे। इसके बाद इस पौधे का रोपण किया जाएगा।

पौधे तैयार कर रहे हैं

जिले में पौधरोपण अभियान के द्वितीय चरण के तहत वन विभाग की ओर से इस वर्ष 10 लाख पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए विभाग की 10 नर्सरी में पौधों को तैयार करना शुरू कर दिया गया है। –  बालाजी करी, डीएफओ, पाली