राष्ट्रीय स्तरीय शांतिदेवी नागपाल अनुवाद सृजन सम्मान राजूराम बिजारणियां को
कान्ता-कृष्ण मेहन महाविद्यालयी सृजन सम्मान बिजारणियां के शिष्य दामोदर शर्मा को
लूणकरणसर। सृजन सेवा संस्थान, श्रीगंगानगर ने शुक्रवार को अखिल भारतीय स्तर पर दिए जाने वाले अपने वार्षिक सम्मान घोषित कर दिए हैं। राष्ट्रीय स्तरीय शांतिदेवी नागपाल अनुवाद सृजन सम्मान इस बार लूणकरणसर के कलमकार राजूराम बिजारणियां को दिया जाएगा। उन्हें यह सम्मान सृजन के साहित्यिक समारोह के दौरान दिया जाएगा, जो आगामी माह में श्रीगंगानगर में आयोजित किया जाएगा।

सृजन सेवा संस्थान अध्यक्ष डॉ. अरुण शहैरिया ‘ताइर’ और सचिव कृष्ण कुमार आशु ने विधिवत रूप से घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष का द्वारकाप्रसाद नागपाल के सौजन्य से दिया जाने वाला अनुवाद सम्मान ख्याति प्राप्त कवि, कथाकार एवं अनुवादक राजूराम बिजारणियां को पंजाबी से राजस्थानी में अनुदित कविता संग्रह ‘झोकड़ी खावतो बगत’ के लिए दिया जाएगा, बिजारणियां ने साहित्य अकादमी की अनुवाद परियोजना के तहत पुस्तक का पंजाबी कवयित्री मंजीत टिवाणा की पुस्तक का राजस्थानी भाषा में अनुवाद किया है जो साहित्य अकादमी द्वारा प्रकाशित किया गया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. संदेश त्यागी ने बताया कि बिजारणियां के शिष्य एवं इक्कीस कॉलेज, गोपल्याण के विद्यार्थी दामोदर शर्मा को इस वर्ष का कान्ता-कृष्ण मेहन महाविद्यालयी सृजन पुरस्कार दिया जाएगा, जो हनुमानगढ़ निवासी नरेश मेहन के सौजन्य से दिया जाता है। वहीं बिजारणियां को इस अनुवाद सम्मान से पूर्व साहित्य अकादेमी, दिल्ली के युवा पुरस्कार, राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के बावजी चतुरसिंह राजस्थानी अनुवाद पुरस्कार, जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य पुरस्कार, भत्तमाल जोशी महाविद्यालय पुरस्कार, मनुज देपावत पुरस्कार, राजस्थान पाठ्य पुस्तक मण्डल जयपुर के कहानी पुरस्कार के अलावा रोटरी क्लब का ब्रजउर्मी अग्रवाल पद्य पुरस्कार से नवाज़ा जा चुका है। वहीं दामोदर शर्मा को इससे पूर्व 2023 का राजस्थान साहित्य अकादमी का महाविद्यालय स्तरीय पुरस्कार मिल चुका है।

 

दोनों सम्मानित रचनाकार लूणकरणसर की कला, साहित्य को समर्पित संस्था ‘सरोकार’ से जुड़े हैं। सरोकार से जुड़े डॉ. मदन गोपाल लढ़ा ने खुशी का इज़हार करते हुए बताया कि गत कई वर्षों से लूणकरणसर में सरोकार संस्थान के माध्यम से साहित्यिक वातावरण बना है, यह गौरवान्वित करने वाला है। सरोकार संस्थान से जुड़े ओंकारनाथ योगी, रामजीलाल घोड़ेला, छैलूदान चारण, केवल शर्मा, दुर्गाराम स्वामी, कमल पीपलवा, कान्हा शर्मा, रामेश्वर स्वामी, हंसराज मोटसरा सहित विभिन्न जनों ने बधाई प्रेषित की।