लॉयन न्यूज नेटवर्क। जोधपुर में सिलेंडर ब्लास्ट मामले में आज 4 लोगों की और मौत हो गई। हादसे में अब तक कुल 16 लोगों की जान जा चुकी है। मरने वालों में 9 बच्चे और 6 महिलाएं हैं। अब भी 38 झुलसे लोगों का इलाज महात्मा गांधी हॉस्पिटल में चल रहा है। इसमें 19 से ज्यादा मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शेरगढ़ के भूंगरा गांव में हुए सिलेंडर ब्लास्ट में 9 साल का लोकेंद्र सिंह 30 प्रतिशत तक झुलस गया था। इसके बाद से वह आईसीयू में एडमिट था। लोकेंद्र की इलाज के दौरान सोमवार सुबह पौने 4 बजे मौत हो गई। इसके 12 घंटे बाद शाम साढ़े 4 बजे लोकेंद्र की मां जस्सू कंवर ने भी दम तोड़ दिया।

जस्सू 90 प्रतिशत तक झुलसी गई थी। वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। वह दो दिन पहले दम तोड़ चुके सुरेंद्र की बहन थी। इधर, इलाज के दौरान गंवरी देवी (40) और 70 साल की जमना कंवर ने भी दम तोड़ दिया है।