जोधपुर।  मंदबुद्धि तथा शक्ल पसंद न होने के चलते गला दबाने के बाद नर्से काट पति की हत्या करने के आरोप में रिमाण्ड पर चल रही पत्नी से पूछताछ में रोचक खुलासे हुए हैं। यह उसकी तीसरी शादी थी। पहले पति से उसे एक पुत्री व पुत्र हुआ था, लेकिन पुत्री का निधन हो गया। पुत्र तलाकशुदा पति के पास रहता है। इसके बावजूद उसकी मां ने बेटी को युवती बता दो लाख रुपए लेकर एक-डेढ़ माह पहले मच्छी मार्केट में लोहारों की गली निवासी युवक से तीसरी शादी करवा दी थी। सदर बाजार थाना पुलिस महाराष्ट्र से उसके प्रेमी को पकड़कर जोधपुर लाई है।थानाधिकारी पुष्पा कंवर के अनुसार प्रकरण में आरोपी सीमा पत्नी कौशल राज उर्फ हरीश खत्री को रिमाण्ड अवधि समाप्त होने पर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन और रिमाण्ड पर लिया गया है। आरोपी सीमा तथा उसके पुरुष मित्र से पूछताछ की जा रही है। हत्या में उसकी भूमिका सामने आने पर कार्यवाही की जाएगी।गौरतलब है कि गत 6 मई को कौशल राज उर्फ हरीश खत्री की हाथ की नसें काट हत्या कर दी गई थी। पूछताछ में पत्नी सीमा ने पहले गला दबाने तथा फिर नसें काट हत्या करना कबूल किया था। तब गत रविवार को उसे गिरफ्तार किया गया था।

नाम गलत बताया, फोटो से पकड़ा

हत्या से पहले व ठीक बाद सीमा ने महाराष्ट्र के बीड़ जिले में महाजल निवासी मित्र लम्बी बातचीत की थी। उसने मित्र का नाम इमरान बताया था। उससे पूछताछ के लिए पुलिस महाजल पहुंची तो एेसा कोई युवक वहां नहीं मिला। फोटो तथा पते के आधार पर पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला। उसका मूल नाम आबिद रहीम है। जो आरोपी के घर के पास ही रहता है।

ससुराल वालों को बेहोश कर मिला था प्रेमिका

सूत्रों के अनुसार आरोपी सीमा ने सबसे पहले मुम्बई के एक युवक से शादी की थी। जिससे उसे दो बच्चे हुए। पुत्री का निधन हो गया। जबकि पुत्र पति के पास है। उससे तलाक के बाद वह गांव के ही एक व्यक्ति के साथ बतौर पत्नी रहने लग गई। जो पहले से शादीशुदा था। उसकी पहली पत्नी ने दोनों के खिलाफ प्रताडऩा का मामला दर्ज करवा दिया। उस व्यक्ति पर समाज ने दबाव डाला। समाज की पंचायत में आबिद ने दूसरे पति का पक्ष लिया था। सीमा दूसरे पति से अलग हो गई तो आबिद उसके सम्पर्क में आया। सीमा के लिए कौशल राज का रिश्ता आया। तब उसी ने शादी के लिए तैयार किया। गत 29 अप्रेल को वह सीमा से मिलने के लिए ससुराल पहुंचा। ससुराल वालों को उसने खुद को सीमा का रिश्तेदार बताया। उसने सीमा के पति, सास व ससुर को नींद की गोलियां खिला सुला दिया। फिर प्रेमिका से मिलकर वह चला गया।

पहले अनजान, फिर दी आत्महत्या बताने की सलाह

गत 6 मई को कौशल की हत्या के ठीक बाद सीमा ने आबिद से बात कर पूरी बात बताई थी। यह सुन वह भी चौंक गया। फिर उसने उसे सलाह दी कि वह घरवालों को जाकर बताए कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है। उसकी मानें तो हत्या से पूर्व तक वह अनजान था।