दिल और तिजोरी तोड़ चम्पत हो गई ये ‘लुटेरी दुल्हन’



जोधपुर। जिले के निकटवर्ती जाजीवाल भाटियान के रहने वाले एक युवक की कोर्ट मैरिज के बाद दुल्हन दो माह बाद ही जेवर व नकदी के साथ फरार हो गई। पीडि़त युवक के कई प्रयासों के बाद भी वह नहीं लौटी। युवक ने अपने एक परिचित और फरार दुल्हन के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करवाया है। बनाड़ के निकटवर्ती जाजीवाल भाटियान निवासी श्यामलाल पुत्र कानाराम जाट ने पुलिस को बताया कि वह गांव में चाय केबिन चलाता है। शैतानसिंह नगर नांदड़ी निवासी दिनेश पुत्र बाबूलाल जाट उसके केबिन पर अक्सर चाय पीने आया करता था। इससे दोनों में अच्छी पहचान हो गई। दिनेश मूलत: मध्यप्रदेश का रहने वाला है। एक दिन दिनेश ने श्यामलाल की शादी मध्यप्रदेश की एक लड़की कविता से करवाने का प्रस्ताव रखा। शादी के लिए दिनेश ने 3 लाख रुपए भी मांगे। रिपोर्ट में श्यामलाल ने बताया कि उसने शादी से पूर्व 3 लाख नगद दिए। शादी बाद में कोर्ट मैरिज के आधार पर 8 फरवरी 2016 को करवाई गई। शादी के दो महीने बाद ही यानी 8 अप्रेल को दुल्हन कविता फरार हो गई। जाते समय वह अपने साथ घर में रखी नकदी, जेवरात व अन्य सामान भी ले गई। इसके बाद वह लौट कर नहीं आई। बनाड़ पुलिस ने पीडि़त युवक की शिकायत पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
