लॉयन न्यूज, बीकानेर। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। रुझानों में कांग्रेस की सरकार बन रही है। इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, कांग्रेस 131, भाजपा 67, जेडीएस 22 और अन्य 4 सीटों पर आगे चल रही है। यानी कांग्रेस को बहुमत 113 के आंकड़े से 18 सीट ज्यादा मिलती दिख रही है। अब तक 4 सीटों के रिजल्ट आ चुके हैं। 3 पर कांग्रेस और 1 पर भाजपा को जीत मिली है।

 

कर्नाटक कांग्रेस चीफ डीके शिवकुमार रिजल्ट के बीच मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा, “मैंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को जीत का आश्वासन दिया था। मैं भूल नहीं सकता जब सोनिया गांधी मुझसे जेल में मिलने आई थी, तब मैंने पद पर रहने के बजाय जेल में रहना चुना, पार्टी को मुझ पर भरोसा था।”

 

कांग्रेस ने कल यानी रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। थोड़ी देर में राहुल गांधी भी दिल्ली में कांग्रेस के दफ्तर पहुंच सकते हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बसवराज बोम्मई ने हार मान ली है। उन्होंने कहा कि हम लोकसभा चुनाव में मजबूती के साथ वापसी करेंगे।