लॉयन न्यूज, बीकानेर। बीते चौबीस घंटे में बीकानेर में तापमान में मामूली बढ़त हुई है लेकिन शुक्रवार को तापमान में गिरावट तय है। शाम होते-होते सर्दी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने भी बीकानेर में सर्द हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। उधर, मौसम में परिवर्तन आने के साथ ही धूप सुहानी लगने लगी है।

बीकानेर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 23.8 डिग्री सेल्सियस हो गया है। दो दिन में करीब एक डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी के बाद भी सर्दी के अहसास में कोई कमी नहीं आई है। वहीं रात का पारा 7.4 डिग्री सेल्सियस से मामूली बढ़कर 7.6 डिग्री सेल्सियस हो गया है। दो दिन के अंतराल के इस आंकड़े में भले ही बढ़ोतरी दर्ज हुई है लेकिन शुक्रवार को बीकानेर में सर्द हवाओं से सर्दी बढऩी तय है। दरअसल, मौसम विभाग का मानना है कि पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अब सर्द हवाएं तेज होगी। इसमें जैसलमेर और बीकानेर भी शामिल है। न सिर्फ शुक्रवार बल्कि आने वाले कुछ दिन तक सर्दी बढऩी तय है। अगले कुछ दिन में ही न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे जा सकता है।