पटना। बिहार के गया में कारोबारी के बेटे आदित्य सचदेव को सड़क पर गोली मारने वाले आरोपी रॉकी यादव ने जुर्म कबूल कर लिया है। फोरेंसिक जांच में भी इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि फायर रॉकी की ही पिस्टल से किया गया था। बता दें कि रॉकी की मां मनोरमा यादव जेडीयू की एमएलसी हैं। घटना के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। वो फरार हैं। मनोरमा के पति को पुलिस इसी मामले में पिछले दिनों गिरफ्तार कर चुकी है। रोड रेज में मारे गए लड़के का नाम आदित्य सचदेव है।पहले इनकार कर रहा था रॉकी…
– बता दें कि रॉकी को जब गिरफ्तार किया गया था तब उसने पुलिस और मीडिया के सामने इस बात से इनकार किया था कि उसने आदित्य की कार पर गोली चलाई थी।
– रॉकी ने कहा था कि वो इस घटना में शामिल नहीं है। उसने कहा था कि घटना के वक्त तो वह दिल्ली में था।
 क्या है मामला?
– गया में 7 मई की रात मनोरमा का बेटा रॉकी यादव शनिवार रात करीब 11 बजे अपनी नई लैंड रोवर कार से कहीं जा रहा था।
– एक स्विफ्ट कार उसकी लैंड रोवर के आगे चल रही थी। रॉकी अपनी गाड़ी को उस कार से आगे ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्विफ्ट कार चला रहा ड्राइवर सामने जगह न होने की वजह से साइड नहीं दे पाया था।
– इसके बाद रॉकी ने किसी तरह स्विफ्ट को ओवरटेक करके रोक लिया था। स्विफ्ट कार में बैठे लड़कों और रॉकी के बीच बहस हुई थी।
– इसके बाद रॉकी ने गोली चला दी। इसमें आदित्य सचदेव नाम के लड़के की मौत हो गई। आदित्य के पिता गया के बड़े पाइप कारोबारी हैं।
– रॉकी फरार हो गया था। पुलिस ने उसके पिता बिंदी यादव को बेटे को भागने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।
– 10 मई को तड़के रॉकी को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।
 मनोरमा फरार, घर सील किया गया
 – मनोरमा देवी के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी कर दिया गया है। वारंट की खबर मिलते ही मनोरमा फरार हो गईं। उनका घर सील कर दिया गया है।
 मनोरमा पर क्या हैं आरोप
 – सूत्रों के मुताबिक, मनोरमा देवी के खिलाफ गैरकानूनी तरीके से शराब रखने का केस दर्ज किया गया है।
– पुलिस ने रॉकी की तलाश में उनके घर पर छापा मारा था। इस दौरान उनके घर से महंगी विदेशी शराब की कई बोतलें बरामद की गई थीं।