लॉयन न्यूज, नेटवर्क। पिछले दिन की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में दूसरे दिन, यानी मंगलवार (4 अक्टूबर) को बंपर तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 1,209 अंक की तेजी के साथ 57,998 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी 367 अंक बढ़कर 17,255 पर पहुंच गया है। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में तेजी है। वहीं सिर्फ 2 शेयरों में गिरावट दिख रही है।

इंडसइंड बैंक और अडाणी पोर्ट्स टॉप गेनर
इंडसइंड बैंक, अडाणी पोर्ट्स, हीरो मोटोकॉर्प अडाणी एंटरप्राइजेज, बजाज फाइनेंस, आयशर मोर्ट्स, कोल इंडिया, TCS, HDFC, JSW स्टील निफ्टी-50 के टॉप गेनर्स रहे। वहीं डॉ रेड्डी और पावर ग्रिड निफ्टी के टॉप लूजर्स हैं। वहीं, NSE के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी दिख रही है। प्राइवेट बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.70% की तेजी है। वहीं बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेस, IT, मेटल और PSU बैंक सेक्टर में भी 2% से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। फार्मा, ऑटो, FMCG, मीडिया और रियल्टी सेक्टरों में भी तेजी है।

भारतीय शेयर बाजार में इसलिए आई तेज!
ग्लोबल मार्केट से म‍िले दमदार नतीजों के बाद भारतीय शेयर बाजार में यह तेजी आई है। अमेरिकी बाजारों में हफ्ते और महीने के पहले कारोबारी द‍िन शानदार तेजी देखने को मिली। डाउ जोंस 765 अंक की उछाल के साथ 29,491 पर और नैस्डैक 240 अंक चढ़कर 10,815 के स्तर पर पहुंचा था। S&P 500 में भी 2.59% की तेजी है। अमेर‍िकी बाजार का असर एशियाई बाजार पर भी देखने को म‍िल रहा है। SGX निफ्टी भी 250 अंक मजबूत होकर 17,100 के ऊपर कारोबार कर रहा है। दरअसल, मंदी की आशंकाओं से ग्लोबल बाजारों में खराब संकेत के चलते भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 638 अंक की गिरावट के साथ 56,788 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 208 अंक गिरकर 16,885 के स्तर पर बंद हुआ था।