लॉयन न्यूज नेटवर्क। सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में गुरुवार रात करीब 9 बजे 41 आरोपियों को जज के घर पेश किया गया। जज ने सभी को 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया। मास्टर माइंड सुरेश विश्नोई सहित 39 आरोपी पिछले 5 दिन से रिमांड पर चल रहे थे। हिरण मगरी पुलिस द्वारा बीती रात गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को भी इनके साथ कोर्ट में पेश किया गया था। इसमें महिला अभ्यर्थी का पिता सुखराम विश्नोई और उसका चालक शामिल है। पुलिस सुरेश विश्नोई सहित सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। इस मामले में शामिल उनके रिश्तेदार और अभिभावकों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।


उदयपुर एसपी विकास शर्मा के अनुसार, पुलिस ने बुधवार को आरोपी सरोज खाखोर के पिता और चालक को पेपर लीक गिरोह से साठगांठ कर अपनी बेटी को पेपर उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जिसके बाद अब तक कुल 57 लोग इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। बता दें, 24 दिसम्बर को उदयपुर पुलिस द्वारा बेकरिया थाना इलाके में एक बस से 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अगले दिन 10 और आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सभी के पास सामान्य ज्ञान का पेपर बरामद हुआ था जिन्हें पेपर सॉल्व करते हुए पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा था।