सोशल मीडिया अपडेट
लॉयन न्यूज,बीकानेर,13 जुलाई। लोकसभा चुनावों में फैजाबाद लोकसभा सीट हार जाने के बाद लगातार अयोध्या चर्चा में रही। सोशल मीडिया से लेकर आमजन ने अयोध्या के जरिये भाजपा पर जमकर निशाना साधा। जिसके बाद एक बार फिर भाजपा बद्रीनाथ विधानसभा को लेकर सोशल मीडिया यूजर के निशाने पर आ गयी है। सोशल मीडिया यूजर इसको लेकर लगातार भाजपा पर धर्म की गंदी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कटाक्ष कर रहे हैं। बता दें कि फैजाबाद लोकसभा सीट जिसके अधीन अयोध्या विधानसभा आती है,उसी सीट से लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अवध प्रसाद जीत थे।

 

वहीं आज आए विधानसभा उपचुनावों के परिणामों में बद्रीनाथ विधानसभा से कांग्रेस के लखपत सिंह करीब पांच हजार वोट से चुनाव जीत गए है। जिसके बाद सोशल मीडिया यूजर लगातार लिख रहे हैं कि हिंदू जाग गया। वहीं एक और यूजर ने लिखा कि अयोध्या-बद्रीनाथ झांकी है,काशी-मथुरा बाकी है। एक और यूजर ने लिखा कि राहुल गांधी की बात पर मुहर लग चुकी है कि धर्म केवल भाजपा का ही नहीं है। ऐसे हजारों कटाक्ष लगातार भाजपा पर किए जा रहे हैं।