एेसी गर्मी पड़ रही है कि जीना दुश्वार हुआ



जोधपुर। जोधपुर शहर में गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है और धूप तीखी होने के साथ ही लू चलने लगी है। लोग अपने काम सुबह सुबह धूप तेज होने से पहले सुबह सुबह या सूरज ढलने के बाद करने लगे हैं। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रहने लगी है। इधर दिन में मजदूरी करने और दूरस्थ यात्रा करने वाले लोगों का भी गर्मी के कारण बुरा हाल रहा।
बच्चों और मरीजों का बुरा हाल

गर्मी की वजह से दोपहर को स्कूल से आने वाले छोटे बच्चों का बुरा हाल हो रहा है। भीषण गर्मी की वजह से अस्पतालों में गर्मीजनित बीमारियों के रोगियों की तादाद बढ़ गई है।
आउटडोर में रोगियों की कतारें
आग उगलती गर्मी की वजह से महात्मा गांधी अस्पताल, मथुरादास माथुर अस्पताल, पावटा अस्पताल और मंडोर अस्पताल के आउटडोर में रोगियों की कतारें लगी हुई दिखाई दीं। इनमें खांसी, जुकाम, बुखार अस्थमा, रक्तचाप और दिल के मरीजों की संख्या अधिक नजर आई।
ठंडा माहौल व ठंडी चीजों पर जोर
लोगों ने घरों, दफ्तरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पंखों, कूलरों और एसी के साथ ठंडे पानी की मटकियां, वाटर कूलर व फ्रिज के ठंडे पानी का इंतजाम किया है। इसके अलावा ठंडी छाछ, दही, लस्सी, श्रीखंड, शरबत, शिकंजी, नींबू पानी, जूस, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम पर जोर दिया जा रहा है।
उफ ! एेसा पारा !
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार शाम सूर्यास्त 7.14 बजे व बुधवार को सूर्योदय सुबह 5.54 बजे हुआ। मौैसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.8 यानी 43 व न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री रहा। बुधवार सुबह तापमान 34.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी अधिकतम 38 फीसद व न्यूनतम 15 फीसद रही।
आसमान साफ रहेगा
मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वानुमान है कि बुधवार आसमान साफ रहेगा और तापमान बढ़ सकता है। महकमे का अंदाजा है कि बुधवार को तापमान अधिकतम 43 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहेगा।