उदयपुर.।  डबोक एयरपोर्ट पर बुधवार को खराब मौसम होने के कारण दिल्ली से उदयपुर आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट की लैंडिंग तय समयानुसार नहीं हो सकी। हवाई जहाज को दो बार लैंड कराने की कोशिश की गई, लेकिन संभव नहीं हो सकी। बाद में उसकी बड़ौदा में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। करीब 3 घंटे के बाद फ्लाइट उदयपुर उतर पाई।दिल्ली से उदयपुर आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट दोपहर 1.20 बजे दिल्ली से रवाना होकर एक घंटे बाद डबोक एयरपोर्ट पर पहुंची, लेकिन यहां धूलभरी आंधी चल रही थी। इससे दृश्यता कम हो गई। पायलट ने दो बार विमान उतारने की कोशिश की, लेकिन उतारा नहीं जा सका। आधा घंटे इंतजार के बाद भी मौसम साफ नहीं हुआ तो विमान को बड़ौदा ले जाया गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करा दी गई। बड़ौदा में एक घंटे बाद विमान डबोक एयरपोर्ट पहुंचा, जहां शाम 5.20 मिनट पर इसकी लैंडिंग करा दी गई।

घबराए यात्री

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सफर कर रहे यात्रियों की घबराहट बढ़ गई। कई यात्री बड़ौदा में ही घबरा कर उतर गए। फ्लाइट में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि जब दो बार लैंडिंग नहीं हो पाई थी, तो घबराहट बढ़ गई। बाद में फ्लाइट को बड़ौदा ले जाने की सूचना मिली। यहां लैंडिंग कराई गई, जिसमें कई यात्री उतर गए। बाद में वे अपने साधनों से ही उदयपुर पहुंचे। इस बीच तीन घंटे बाद विमान को फिर से उदयपुर लाया गया, जहां मौसम साफ होने पर सुरक्षित लैंडिंग हो गई। ऐसे में यात्रियों के करीब 3 घंटे तक सांसें अटकी रहीं। उदयपुर में भी यात्रियों के रिश्तेदार और परिजन परेशान होते रहे।